Explore

Search

May 31, 2026 5:12 am

ईदगाह पहुंचे सपा नेता प्रखर द्विवेदी, गले मिलकर दी ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ, कन्नौज।
सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार क्षेत्र में बड़े ही अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर समाजवादी जनेश्वर मिश्र ब्राह्मण महासभा (कन्नौज) के जिलाध्यक्ष पं. प्रखर द्विवेदी ने क्षेत्र के सिकंदरपुर ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर उन्हें त्योहार की बधाई दी।
सोमवार को छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिकंदरपुर स्थित मुख्य ईदगाह पर नमाज संपन्न होने के बाद समाजवादी पार्टी के कद्दावर युवा नेता पं. प्रखर द्विवेदी अपनी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद सम्मानित बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों से मुलाकात की और उन्हें ईद की दिली मुबारकबाद पेश की।
पं. प्रखर द्विवेदी, जिलाध्यक्ष (सपा जनेश्वर मिश्र ब्राह्मण महासभा) ने कहा भारत की असली खूबसूरती हमारी ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ में है। त्योहार चाहे कोई भी हो, वह हमें आपस में मोहब्बत, अमन और भाईचारे से रहना सिखाता है। कन्नौज हमेशा से आपसी सौहार्द की मिसाल रहा है और यह दिन हमारे इस जुड़ाव को और मजबूत करता है।
इस दौरान स्थानीय लोगों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पं. प्रखर द्विवेदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। ईदगाह परिसर में मौजूद लोगों ने सपा नेता के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी विश्वास और एकता की भावना सुदृढ़ होती है। इस मौके पर क्षेत्र के तमाम संभ्रांत नागरिक और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर