अब्दुल्लाह अख़्तर
पत्रकार फिरोज खान की बेटी निदा की सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर; भाई ने बांटी मिठाई, प्रधानाचार्य बोले- “बेहद होनहार है बेटी”
छिबरामऊ/कन्नौज: उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद परीक्षा 2026 के परीक्षा परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिसमें छिबरामऊ की होनहार बेटी निदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले का मान बढ़ाया है। मुंशी-मौलवी (सेकेंडरी/हाईस्कूल समकक्ष) परीक्षा में निदा ने 80.50% अंक हासिल कर जिले में दूसरा (द्वितीय) स्थान प्राप्त किया है। निदा की इस बड़ी कामयाबी से उनके परिवार, मदरसे और पूरे छिबरामऊ क्षेत्र में जश्न का माहौल है।
इस परीक्षा में तालग्राम की उमरा फातिमा ने 80.83% अंकों के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया। दोनों बेटियों की इस शानदार सफलता पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने बधाई संदेश भेजकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
*इंजीनियर बनकर माता-पिता के सपनों को साकार करेंगी निदा*
अपनी इस ऐतिहासिक सफलता पर बातचीत करते हुए मेधावी छात्रा निदा ने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। निदा ने कहा, “मेरी इस सफलता के पीछे मेरे पिता फ़िरोज़ ख़ान (पत्रकार) और माता जहाँआरा का अटूट विश्वास है। साथ ही मदरसा दारुल उलूम गौसिया के प्रधानाचार्य क़ारी शम्सुल क़मर एवं सभी अध्यापकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिन्होंने हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन किया।”
भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए निदा ने गर्व से कहा कि वह आगे चलकर एक इंजीनियर बनना चाहती हैं और देश की सेवा करते हुए अपने माता-पिता के सपनों को हकीकत में बदलना चाहती हैं।
निदा के जिले में टॉप करने की खबर जैसे ही छिबरामऊ पहुंची, उनके आवास पर बधाई देने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बहन की सफलता से गदगद बड़े भाई जैनुल आब्दीन बेहद खुश नजर आए। उन्होंने इस खुशी के मौके पर लोगों का मुंह मीठा कराया और मिठाइयां बांटीं।
वहीं निदा के दूसरे भाई अब्दुल्लाह अख़्तर (पत्रकार) भी बहन की इस उपलब्धि पर बेहद उत्साहित दिखे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “यह दिन परिवार के लिए बेहद खास और गौरवशाली है। मुझे पूरा यकीन है कि बहन निदा भविष्य में भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी और माता-पिता का नाम रोशन करेगी।”
मदरसा दारूल उलूम गौसिया के प्रधानाचार्य क़ारी शम्सुल क़मर ने निदा को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि निदा शुरू से ही एक अत्यंत होनहार, अनुशासित और मेधावी छात्रा रही है। उन्होंने निदा के माता-पिता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई पर बहुत जोर दिया और उसे आगे बढ़ने के लिए पूरा माहौल दिया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।
निदा की इस शानदार कामयाबी पर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के युवा प्रदेश अध्यक्ष सौरभ इंजीनियर, सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य और संभ्रांत लोगों ने निदा के आवास पर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी। सभी ने बेटी निदा के उज्जवल भविष्य की कामना की।
लेटेस्ट न्यूज़

मदरसा बोर्ड परीक्षा में निदा ने लहराया परचम,जिले में पाया दूसरा स्थान बनना चाहती हैं इंजीनियर










