अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ/ तालग्राम। तालग्राम थाना क्षेत्र के सिलुआपुर गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दबंगों द्वारा जमीन कब्जाने से परेशान एक युवक विरोध स्वरूप मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। लगभग एक घंटे तक चले इस ‘हाईवोल्टेज ड्रामे’ के बाद पुलिस के आश्वासन पर युवक सुरक्षित नीचे उतरा।
ग्रामीणों के अनुसार, सिलुआपुर निवासी शाहरुख का आरोप है कि कुछ दबंग उसके परिवार के एक प्लॉट पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। शाहरुख का कहना है कि उसने इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की कथित अनदेखी से आहत होकर युवक ने न्याय की गुहार लगाने के लिए गांव में स्थित एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर पर चढ़ने का आत्मघाती कदम उठाया।
युवक को टावर की ऊंचाई पर देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय शर्मा पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नीचे खड़ी भीड़ और पुलिस प्रशासन लगातार युवक से नीचे आने की अपील करते रहे, लेकिन शाहरुख इस बात पर अड़ा रहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ठोस भरोसा नहीं मिलता, वह नीचे नहीं उतरेगा।
थाना प्रभारी विनय शर्मा ने युवक को समझाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के सकारात्मक रुख को देखते हुए लगभग एक घंटे बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
थानाध्यक्ष तालग्राम विनय शर्मा ने कहा युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतार लिया गया है। जमीन संबंधी विवाद की जांच की जा रही है। किसी को भी कानून हाथ में लेने या अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।











