हरदोई।उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में मल्लावां थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को 50 हजार का इनामी बदमाश मेहनूर उर्फ शेहनूर को एक मुठभेड़ में मार गिराया है।मेहनूर ने 1 मई को गांव के उर्स मेले से 7 साल के मासूम बच्चे का अपहरण किया था। रेप के बाद बच्चे की हत्या कर शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया गया था।पुलिस घेराबंदी के दौरान मेहनूर ने फायरिंग की, फायरिंग में एसओजी प्रभारी राजेश कुमार घायल हो गए।
मासूम का मेले से किया था अपहरण,मांगी थी फिरौती
मेहनूर ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए 1 मई का दिन चुना था।मासूम बच्चा गांव में लगे उर्स मेले को देखने गया था,जहां से उसे अगवा कर लिया गया।हत्या के बाद मेहनूर और उसके साथियों ने मासूम बच्चे के परिजनों को डराकर 8 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।यह रकम पहले बैंक खाते और फिर UPI के जरिए ट्रांसफर करने का दबाव बनाया गया था।पुलिस ने अन्य आरोपियों की निशानदेही पर ही बच्चे का शव बरामद किया था।
मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी को लगी गोली
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि 50 हजार का इनामी बदमाश मेहनूर इलाके में है।पुलिस टीम ने जब मेहनूर को पकड़ने के लिए घेराबंदी की,तो उसने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एसओजी प्रभारी राजेश कुमार के दाहिने हाथ में गोली लग गई।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की,जिसमें एक गोली मेहनूर के सीने में जा लगी।घायल हालत में मेहनूर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गन्ने के खेत में दबाया था शव
पुलिस जांच और आशंका के मुताबिक मेहनूर ने मासूम बच्चे के साथ रेप किया इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी।साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मेहनूर ने शव को पास के ही एक गन्ने के खेत में गद्दे के नीचे दबा दिया था।मेहनूर कन्नौज जिले के ग्राम रौरा निस्तौली का रहने वाला था।











