Explore

Search

May 5, 2026 12:06 am

बंगाल में खिला कमल: सरिता भदौरिया ने कार्यकर्ताओं के साथ मनाया जीत का जश्न

इटावा सदर विधायक सरिता भदौरिया ने बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत को पूरे देश के लिए एक निर्णायक संदेश बताया है। अपने आवास पर आयोजित भव्य विजय उत्सव के दौरान उत्साहित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जीत किसी एक जाति या धर्म की नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र की जीत है। उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों को चेतावनी भरे लहजे में नसीहत दी कि जो दल तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं, उन्हें बंगाल के परिणामों से सबक लेना चाहिए, अन्यथा आने वाले समय में उनका भी वही हश्र होगा जो इस चुनाव में अन्य विरोधियों का हुआ है।

​विधायक सरिता भदौरिया ने जीत का श्रेय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रभाव और उनके प्रभावी नारों को दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव के दौरान महाराज जी ने जहाँ-जहाँ जनसभाएं कीं, वहाँ उनके ‘एक हैं तो सेफ हैं’ के नारे ने सनातन धर्म प्रेमियों और आम जनता के भीतर एक नई ऊर्जा का संचार किया। इसी एकजुटता का परिणाम रहा कि इस बार लोग भारी संख्या में अपने घरों से बाहर निकले और मतदान किया, जिससे बंगाल की धरती पर पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

​इस खुशी के मौके पर विधायक आवास पर जश्न का माहौल रहा, जहाँ बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, विक्रम अग्रवाल, विवेक गुप्ता, और अजय गुप्ता सहित ओम रतन कश्यप, विनीत कुमार पांडे, अशोक चौहान टीटू, सचिन यादव और चंदन पोरवाल जैसे प्रमुख नेता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बंगाल की इस जीत को भारतीय राजनीति के एक नए युग की शुरुआत बताया।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर