Explore

Search

April 17, 2026 3:27 am

स्वच्छता सिपाहियों और मेधावियों का सम्मान कर मनाई बाबा साहब की 135वीं जयंती

अब्दुल्ला अख़्तर छिबरामऊ
छिबरामऊ। नगर के श्री संत गेस्ट हाउस में ‘गोल्डन पहल फाउंडेशन’ द्वारा संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने बाबा साहब के विचारों को जीवंत कर दिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि छिबरामऊ विधायक माननीय श्रीमती अर्चना पाण्डेय एवं विशिष्ट अतिथि प्रमुख समाजसेविका श्रीमती मीरा वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उनके साथ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुभाना रफी, श्री विमलेश गुप्ता एवं संस्था के संरक्षक मंडल के सदस्यों ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। जनता कॉलेज की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
कलाकार श्री सुशांत सिंह और संगीत शिक्षक श्री हर्षदीप ने बाबा साहब के जीवन संघर्षों पर आधारित भावपूर्ण गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया। मुख्य वक्ता श्री इशहॉक जमील ने डॉ. अंबेडकर के सामाजिक न्याय और समानता के विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान श्री विमलेश गुप्ता और श्री प्रताप सिंह यादव ने भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन द्वारा आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जनता इंटर कॉलेज के राज्य एवं मंडल स्तरीय खेल विजेताओं—रचना, प्रियांशी, अनीश एवं दिवांशु यादव को प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।
समारोह की सबसे अनूठी और प्रेरक पहल नगर के स्वच्छता सिपाहियों का सम्मान रही। स्वच्छता व्यवस्था में अहम योगदान देने वाले सन्नी कुमार, धर्मेंद्र कुमार एवं अरुण कुमार को पूर्व सभासद श्री जितेंद्र शर्मा एवं पर्यावरणविद श्री सुनील प्रजापति ने माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
“शिक्षित बनो, संगठित रहो” का दिया संदेश
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री प्रदीप प्रधान ने किया। संस्था के सचिव श्री महेंद्र सिंह ने बाबा साहब के मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी सामाजिक न्याय के अग्रदूतों की स्मृतियों में ऐसे आयोजन करती रहेगी।
इस अवसर पर श्री राजेश सक्सेना, श्री नरेश वर्मा, श्री विनोद राठौर, श्री चंद्रकांत डुबल सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक और संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर