Explore

Search

April 15, 2026 12:33 am

छिबरामऊ इंस्पेक्टर विष्णुकांत तिवारी लाइन हाजिर, कपिल दुबे ने संभाली कार्यवाहक इंस्पेक्टर की कमान

अब्दुल्ला अख़्तर छिबरामऊ
छिबरामऊ (कन्नौज): उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद अंतर्गत छिबरामऊ कोतवाली में बीती शाम पुलिस प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। एडीजी जोन कानपुर के कड़े रुख के बाद छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी विष्णुकांत तिवारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह पर पुलिस लाइन से आए कपिल दुबे को छिबरामऊ का नया कार्यवाहक थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

एडीजी जोन के निर्देश पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, छिबरामऊ कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर विष्णुकांत तिवारी के कार्यभार को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को कुछ शिकायतें प्राप्त हुई थीं। बीती शाम एडीजी जोन कानपुर ने मामले का संज्ञान लेते हुए अनुशासन और कार्यकुशलता के आधार पर प्रभारी को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। इस आदेश के बाद महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल नए प्रभारी की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
एडीजी के निर्देश के अनुपालन में पुलिस लाइन से कपिल दुबे को छिबरामऊ भेजा गया। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की और क्षेत्र की कानून व्यवस्था का जायजा लिया।

अपराधियों और सट्टेबाजों को नवनियुक्त कोतवाल की चेतावनी

पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त कोतवाल कपिल दुबे ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उनकी मुख्य प्राथमिकताएं नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर सख्ती से लगाम लगाई जाएगी, क्षेत्र में सक्रिय सट्टा कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। नए प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अवैध जुए और सट्टे के कारोबार को जड़ से खत्म किया जाएगा, शराब की तस्करी हो या अन्य कोई भी अवैध धंधा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध कार्यों में लिप्त पाए जाने वाले लोगों को सीधा जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी, कोतवाली में आने वाले फरियादियों की सुनवाई प्राथमिकता के आधार पर होगी ताकि आम जनमानस में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े।
छिबरामऊ जैसे संवेदनशील इलाके में अचानक हुए इस फेरबदल को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि नए प्रभारी की नियुक्ति से क्षेत्र की कानून व्यवस्था में सुधार होगा और विशेष रूप से सट्टेबाजी जैसे सामाजिक अपराधों पर लगाम लगेगी।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर