अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): मैनपुरी के किशनी क्षेत्र में गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या अब तीन हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए छिबरामऊ के तीसरे युवक आफताब उर्फ छोटे (35 वर्ष) ने भी उपचार के दौरान मिनी पीजीआई सैफई में दम तोड़ दिया। इस खबर के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
उपचार के दौरान थमीं आफताब की सांसें
हादसे के बाद घायल आफताब को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से मिनी पीजीआई सैफई रेफर किया गया था। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इससे पहले मोहम्मद वसीम (34 वर्ष) और सत्तार (50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई थी। तीनों मृतक छिबरामऊ के निवासी थे और एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, छिबरामऊ के मोहल्ला गणेश चौधरी निवासी वसीम और सत्तार, तथा ग्रेसीगंज निवासी आफताब गुरुवार को मैनपुरी के जटपुरा में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 10 बजे लौटते समय किशनी-कुसमरा मार्ग पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आफताब को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया था।
वसीम के भाई नदीम ने बताया कि वे सभी लोग साथ ही निकले थे, लेकिन नदीम अपनी पत्नी के साथ बाइक पर थोड़ा आगे थे। जब काफी देर तक पीछे वाली बाइक पर सवार तीनों लोग घर नहीं पहुंचे, तो नदीम ने वसीम के फोन पर कॉल की, जिसे पुलिस ने उठाया और घटना की जानकारी दी।
एक साथ तीन मौतों की खबर से छिबरामऊ के गणेश चौधरी और ग्रेसीगंज मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतकों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
लेटेस्ट न्यूज़
एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने किया थाना सैफई का मुआयना, पुलिस व्यवस्था का लिया जायजा
April 8, 2026
8:19 pm

हादसे ने उजाड़ दिए तीन घर: छिबरामऊ के तीसरे युवक आफताब की भी सैफई में मौत, कोहराम










