इटावा सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास पथ पर एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। विधायक सरिता भदौरिया के दीर्घकालिक और अथक प्रयासों ने क्षेत्र की जनता को एक ऐसी सौगात दिलाई है, जिसकी प्रतीक्षा पिछले कई वर्षों से की जा रही थी। ग्राम असवा और रूरा के बीच यमुना नदी पर सेतु निर्माण के लिए शासन द्वारा लगभग 80 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत कर दी गई है। यह उपलब्धि केवल एक सरकारी मंजूरी नहीं, बल्कि विधायक की उस अटूट निष्ठा का प्रतिफल है, जिसके तहत वे पिछले 5 वर्षों से निरंतर उत्तर प्रदेश विधानसभा में इस पुल की मांग पूरी प्रखरता के साथ उठाती रही हैं।
इस सेतु का निर्माण होते ही पार पट्टी क्षेत्र के परिदृश्य में एक क्रांतिकारी बदलाव आएगा। वर्तमान में आवागमन की चुनौतियों से जूझ रहे दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों के लिए यह पुल जीवनरेखा साबित होगा। अब इटावा शहर और इन सुदूरवर्ती गांवों के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि व्यापार और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच भी सुगम हो जाएगी।
शासन के इस फैसले के बाद पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पुल उनकी वर्षों पुरानी पीड़ा का अंत करेगा। विकास की इस नई राह के लिए क्षेत्र की जनता ने विधायक सरिता भदौरिया का हृदय से आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने चुनावी वादों को धरातल पर उतारकर जनसेवा की एक नई मिसाल पेश की है।











