Explore

Search

April 15, 2026 2:40 am

कोल्ड स्टोरेज मिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सड़क किनारे मिला शव

अब्दुल्ला अख़्तर
तालग्राम (कन्नौज)। थाना क्षेत्र के तालग्राम-छिबरामऊ मार्ग पर चौखटा चौराहे के पास एक कोल्ड स्टोरेज मिस्त्री का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कलकत्तापुर्वा निवासी मथुरा प्रसाद वर्मा (58) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मथुरा प्रसाद त्योर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में मिस्त्री के पद पर कार्यरत थे। रविवार देर रात वह अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से वापस अपने गांव कलकत्तापुर्वा लौट रहे थे। इसी दौरान चौखटा चौराहे के पास वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिले। राहगीरों और ग्रामीणों की सूचना पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे।
परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तालग्राम ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शुरुआत में शव को घर ले गए थे, लेकिन सोमवार सुबह पुलिस को घटना की आधिकारिक सूचना दी गई।
घटना की सूचना पर पहुंचे उप-निरीक्षक दिनेश चंद्र ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेजा। परिजनों का प्राथमिक अनुमान है कि मथुरा प्रसाद की बाइक सड़क किनारे एक खंभे से टकरा गई थी, जिससे आई चोटों के कारण उनकी जान चली गई।
कोतवाली प्रभारी विनय शर्मा ने बताया “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर