अब्दुल्ला अख़्तर
होली के दिन बेहबलपुर गांव के पास हुआ हादसा; चालक ने कूदकर बचाई जान
छिबरामऊ। होली के त्योहार के बीच मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। छिबरामऊ के बेहबलपुर गांव के पास सरिया से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में जा गिरी। इस दुर्घटना में ट्रॉली पर सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सरिया लादकर छिबरामऊ के त्योर कॉलोनी गांव की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन बेहबलपुर गांव के समीप पहुंचा, चालक सत्येंद्र कुमार (निवासी बहरामपुर, गुरसहायगंज) ने नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में पलट गई।
हादसे के वक्त चालक सत्येंद्र ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, होली के कारण सवारी न मिलने पर ट्रैक्टर पर बैठे सिकरोही तिर्वा निवासी बंसीलाल और राम मनोहर ट्रॉली के साथ पानी में डूब गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पानी से बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं और बड़ा हादसा टल गया है, घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है,तालाब में डूबी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जेसीबी की मदद से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है,पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
लेटेस्ट न्यूज़
डिप्टी सीएमओ कार्यालय से डिप्टी सीएमओ रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
June 10, 2026
6:10 pm
जैन साध्वियों की सड़क दुर्घटना हत्या के विरोध में दिया ज्ञापन
May 25, 2026
8:25 pm











