अब्दुल्ला अख़्तर
कन्नौज। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में शुद्ध और गुणवत्तापरक खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। सोमवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी (CFO) संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने मेहंदी घाट और मियागंज क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी मात्रा में खराब हो चुका अचार, नमकीन और रंगीन कचरी को नष्ट कराया गया।
*मेहंदी घाट पर पनीर की चेकिंग, मियागंज में सीज किया मैदा*
अभियान की शुरुआत मेहंदी घाट से हुई, जहाँ हरदोई की ओर से आने वाले मिलावटी पनीर की रोकथाम हेतु वाहनों की चेकिंग की गई। इसके बाद टीम मियागंज स्थित ‘गुप्ता किराना स्टोर’ पहुँची। यहाँ निरीक्षण के दौरान मैदे और सरसों के तेल के नमूने लिए गए और संदिग्ध पाए जाने पर 30 किलोग्राम मैदा सीज कर दिया गया।
*23 हजार की दूषित सामग्री कराई नष्ट*
दुकान पर एक्सपायरी डेट (कालातीत) और खराब हो चुका लगभग 20 किलो पैक्ड अचार, एक क्विंटल रंगीन बूंदी और 20 किलो नमकीन पाई गई। खाद्य कारोबारकर्ता की सहमति पर टीम ने मौके पर ही इसे विनष्ट करा दिया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23,000 रुपये बताई गई है। इसके अलावा, क्षेत्र में रंगीन कचरी बेच रहे दो विक्रेताओं को पकड़कर कचरी का नमूना लिया गया और लगभग 50 किलो हानिकारक रंगीन कचरी को नष्ट कराया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संग्रहित किए गए सभी 3 नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन और व्यापारियों को मिलावट के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने कहा होली के मद्देनजर यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देशन में नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि जनता को शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकें।









