Explore

Search

March 2, 2026 3:41 am

सस्ते राशन के चक्कर में गंवाए 66 हजार, फार्मासिस्ट साइबर ठगी का शिकार

अब्दुल्ला अख़्तर
फेसबुक पर ‘बिग बास्केट’ के नाम से फर्जी ऑफर का जाल, क्रेडिट कार्ड से उड़ाए पैसे
छिबरामऊ (कन्नौज) | डिजिटल इंडिया के दौर में साइबर अपराधी अब लुभावने ऑफर्स का सहारा लेकर पढ़े-लिखे लोगों को भी अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला छिबरामऊ नगर का है, जहाँ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में तैनात एक फार्मासिस्ट को फेसबुक पर सस्ता राशन खरीदने का विज्ञापन भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से दो बार में कुल 66,200 रुपये पार कर दिए।
जानकारी के अनुसार, फार्मासिस्ट हरिनाथ यादव फेसबुक चला रहे थे, तभी उन्हें ‘बिग बास्केट’ के नाम से एक आकर्षक विज्ञापन दिखा। इसमें मात्र 298 रुपये में 5 किलो चीनी, 5 किलो चावल और 5 किलो रिफाइंड तेल देने का दावा किया गया था। हरिनाथ ने जैसे ही ऑफर के लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल अचानक कुछ देर के लिए हैंग हो गया। इसी दौरान जालसाजों ने रिमोट एक्सेस के जरिए उनके क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली।
पीड़ित के मोबाइल पर जब बैंक के मैसेज आए, तो उनके होश उड़ गए। ठगों ने पहले 41,000 रुपये और फिर 25,200 रुपये क्रेडिट कार्ड से निकाल लिए। कुल 66,200 रुपये की चपत लगने के बाद पीड़ित ने तुरंत मोबाइल ठीक कराया और कोतवाली पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने आम जनता से अपील की है कि फेसबुक या व्हाट्सएप पर आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें ,आधिकारिक ऐप या वेबसाइट के अलावा कहीं भी कार्ड डिटेल्स न भरें, नियमित रूप से अपना बैंक स्टेटमेंट और मैसेज चेक करते रहें, ठगी होने पर तुरंत 1930 डायल करें।
कोतवाली पुलिस ने कहा फार्मासिस्ट की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर