Explore

Search

April 18, 2026 7:56 pm

DM और SP ने सड़कों पर उतरकर परखा सुरक्षा घेरा, कांवड़ियों की सुविधा के लिए प्रशासन अलर्ट

बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंजा छिबरामऊ, कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात

अब्दुल्लाह अख्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): महाशिवरात्रि के पावन पर्व के दृष्टिगत भगवान भोलेनाथ के भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। गंगा मैया से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार स्वयं सड़कों पर उतरे। अधिकारियों ने NH-34 पर पहुंचकर यातायात और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया।
ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ कांवड़ यात्री नाचते-गाते हुए अपनी मंजिलों की ओर बढ़ रहे हैं। शहर का पूरा वातावरण शिवमय हो गया है। श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपनी-अपनी मनौती वाले शिवालयों की ओर पदयात्रा और वाहनों के माध्यम से प्रस्थान कर रहे हैं।
कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने कड़े प्रबंध किए हैं शहर के हर प्रमुख तिराहे और चौराहे पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रहे, स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ियों की चिकित्सा सहायता के लिए विशेष शिविर लगाए गए हैं, स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह भव्य पंडाल लगाकर कांवड़ यात्रियों के लिए चाय, नाश्ता और शीतल जल की निशुल्क व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मातहतों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई और प्रकाश की समुचित व्यवस्था रहे। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सतर्क रहने और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए ताकि यात्रा निर्विघ्न संपन्न हो सके।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर