Explore

Search

February 15, 2026 9:22 am

ट्रक की टक्कर से मासूम की मौत, पिता की हालत नाजुक

मायके जा रही खुशियां मातम में बदलीं, काल बन गया ट्रक

अब्दुल्ला अख्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): नगर के व्यस्ततम फर्रुखाबाद चौराहे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार परिवार सड़क पर गिर गया, जिसमें 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पिता की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुंवरपुर कंडौली निवासी रंजू अपनी पत्नी साधना, 6 वर्षीय पुत्री खुशी और 3 वर्षीय पुत्र कार्तिक के साथ बाइक पर सवार होकर अपने ससुराल जा रहे थे। साधना का भाई कांवड़ भरने गया था, जिससे मिलने और धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए पूरा परिवार उत्साह के साथ घर से पिपरिया गांव पत्नी के मायके के लिए निकला था।
जैसे ही बाइक फर्रुखाबाद चौराहे के पास पहुँची, एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। 6 वर्षीय मासूम खुशी ट्रक की चपेट में आ गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
मौके पर मौजूद पुलिस द्वारा घायलों को आनन-फानन में 100 शैया अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिता रंजू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल तिर्वा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मां साधना को भी चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार दिया गया।
अस्पताल परिसर साधना की चीखों से गूंज उठा। अपनी आंखों के सामने अपनी लाड़ली को खो देने वाली मां बार-बार बेहोश हो रही थी। जिस घर में भाई की कांवड़ यात्रा को लेकर खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर