इटावा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) 2026 जिले में पूरी तरह सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। जनपद के कुल 16 प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में प्रशासन की मुस्तैदी और केंद्रों के व्यवस्थित प्रबंधन के चलते कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
जिले के प्रमुख केंद्रों जैसे संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, सेंट मेरी इंटर कॉलेज, ज्ञान स्थली इंटर कॉलेज, नारायण कॉलेज ऑफ आर्ट्स, अर्चना मेमोरियल इंटर कॉलेज, थियोसोफीकल इंटर कॉलेज, सुदिति ग्लोबल इंटर कॉलेज, दिल्ली पब्लिक स्कूल, एमनीव विज़न, पान कुंवर इंटर कॉलेज, डिवाइन लाइट इंटर कॉलेज, ए पी एस इंटर कॉलेज, एरिस्टोटल वर्ल्ड स्कूल, पुलिस मॉडर्न स्कूल, रेडवुड ग्लोबल इंटर कॉलेज एवं सेवन हिल्स इंटर कॉलेज में दो पालियों में परीक्षा का आयोजन किया गया।
सीटीईटी परीक्षा के लिए जनपद में कुल 20 हजार परीक्षार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था। परीक्षा के दौरान लगभग 90 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा गया और दोनों ही दिन केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से ही परीक्षार्थियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने बेहद कड़े इंतजाम किए थे। मुख्य द्वार पर पहचान पत्र की सघन जांच के साथ-साथ मेटल डिटेक्टर से तलाशी लेने के उपरांत ही परीक्षार्थियों को परिसर के भीतर प्रवेश दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से निष्पक्ष और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी। पहली पाली की परीक्षा जूनियर स्तर के लिए सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के लिए परीक्षा आयोजित की गई।
सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. आनंद ने सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव और जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार के मार्गदर्शन एवं पूर्ण सहयोग से परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सका। इस दौरान सीबीएसई के असिस्टेंट सेक्रेटरी रवींद्र कुमार, आशीष गर्ग, नरेश कुमार और सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. आनंद ने स्वयं विभिन्न केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा की शुचिता को सराहा।









