Explore

Search

February 15, 2026 5:16 am

दावत में जा रहे बाइक सवार को ट्रक ने रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम

तालग्राम (कन्नौज): तालग्राम थाना क्षेत्र के किशनपुर चौराहे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार होने में कामयाब रहा।

मृतक की पहचान उपेंद्र (पुत्र नेत्रपाल) के रूप में हुई है, जो एटा जिले के अलीगंज स्थित उमेद नगला का निवासी था। जानकारी के अनुसार, उपेंद्र तालग्राम में अपनी एक रिश्तेदारी में आया हुआ था। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे वह छिबरामऊ में आयोजित एक दावत (प्रीतिभोज) में शामिल होने के लिए बाइक से निकला था। जैसे ही वह किशनपुर चौराहे के पास पहुँचा, पीछे से आ रहे काल बने ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद राहगीरों ने युवक को लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पता देख तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही तालग्राम थाना प्रभारी विनय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल उपेंद्र को अपने ही वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तालग्राम पहुँचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

उपेंद्र की मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है, जिसमें पत्नी विता देवी, माँ किशोरी,तीन बेटियां: पलक (7 वर्ष), झलक (4 वर्ष) और पल्लवी (मात्र 1 वर्ष)।

एक साल की मासूम पल्लवी को तो शायद यह भी नहीं पता कि उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे।

थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि मृतक के पास से बरामद मोबाइल फोन के जरिए उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।

शव को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवा दिया गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं और आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर