Explore

Search

April 20, 2026 7:57 pm

नियम तोड़ने वालों को पुलिस ने थमाया गुलाब, समझाया- ‘घर पर कोई कर रहा है आपका इंतजार

 रिपोर्ट अब्दुल्ला अख्तर 

छिबरामऊ (कन्नौज)। शासन के निर्देशानुसार बीते एक माह से चल रहे ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ का समापन शनिवार को छिबरामऊ में बेहद खास अंदाज में हुआ। पुलिस की सख्ती के बजाय यहाँ ‘गांधीगिरी’ देखने को मिली। यातायात पुलिस ने सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वालों का चालान काटने के बजाय उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया और सुरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराया।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात प्रियंका बाजपेई के निर्देशन तथा प्रभारी यातायात रवि शंकर त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। यातायात उपनिरीक्षक (TSI) अरशद अली ने अपनी टीम के साथ कस्बे के व्यस्ततम फर्रुखाबाद चौराहा, तालग्राम तिराहा और पूर्वी बाईपास पर मोर्चा संभाला। इस दौरान जो दुपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट के पाए गए या अन्य नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, उन्हें रोककर पुलिस ने न केवल समझाया बल्कि भविष्य में गलती न दोहराने का संकल्प भी दिलाया।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को संबोधित करते हुए उपनिरीक्षक अरशद अली ने बेहद मार्मिक अपील की। उन्होंने कहा, “सुरक्षा की नींव घर से शुरू होती है। हर माता-पिता को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके बच्चे बिना हेलमेट के घर की दहलीज पार न करें।” उन्होंने आगे कहा कि सड़क पर आपकी एक छोटी सी लापरवाही केवल आपके लिए नहीं, बल्कि आपके पूरे परिवार के लिए दुखद हो सकती है। याद रखें कि शाम को घर पर आपका परिवार आपके सुरक्षित लौटने का इंतजार करता है।

चालान का डर नहीं, जान की फिक्र जरूरी

पुलिस टीम ने चालकों को पाठ पढ़ाया कि हेलमेट पुलिस के डर या भारी-भरकम चालान से बचने का जरिया नहीं है, बल्कि यह आपकी जीवन रक्षा का कवच है। टीएसआई ने जोर देकर कहा कि सड़क सुरक्षा का पालन एक नागरिक कर्तव्य है और एक छोटा सा सही फैसला आपके परिवार की खुशियों को सुरक्षित रख सकता है।

सड़क सुरक्षा माह के इस अंतिम दिन आयोजित अभियान में होमगार्ड रामेंद्र दुबे, ओमशरण, पीआरडी जवान सतीश चंद एवं सर्वेश समेत यातायात पुलिस के कई कर्मचारी मुस्तैद रहे। पुलिस के इस मानवीय व्यवहार की स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने भी काफी सराहना की।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर