इटावा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष एवं सेंट्रल पीस कमेटी के सदस्य आलोक दीक्षित ने जिले वासियों को होली और रमजान माह की शुभकामनाएं देते हुए सद्भाव और एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोग गंगा-जमुनी संस्कृति की बात करते हैं, लेकिन हमारा जिला पांच नदियों के संगम वाला जिला है, जहां हर धर्म और वर्ग के लोगों ने मिलजुल कर अपने त्योहारों को मनाया है। एक दूसरे के सुख-दुख में हमेशा शामिल रहे हैं।
आगामी 14 मार्च को होली का त्योहार है और रमजान का पवित्र महीना भी चल रहा है। आलोक दीक्षित ने कहा कि कुछ लोग अलग-अलग बयान दे रहे हैं, लेकिन क्या इससे पहले कभी इस देश में होली नहीं मनाई गई? क्या इससे पहले रमजान नहीं पड़े या पहला जुम्मा पड़ रहा है? नमाज मुस्लिम पढ़ता है, हिंदू पूजा करता है, इसमें किसी को क्या समझाना? जिसका जो धर्म है, वह अपने धर्म के प्रति अच्छी नीति रखता है। उल्टे-सीधे बयान देने वाले बयानबाज क्या हमारी या आपकी एक दिन की रोटी की जिम्मेदारी ले सकते हैं?
उन्होंने आगे कहा कि नफरती बयानों से बचें और हर धर्म और वर्ग का सम्मान करें। एक दूसरे को शामिल करें, क्योंकि हमारी एकता ही हमारे देश की संस्कृति है। उन्होंने सभी से अपील की कि अच्छे से होली मनाएं और हर धर्म के लोगों को शामिल करें। उन्होंने अपने संदेश को “जय हिंद, जय भारत, जय संविधान” के नारे के साथ समाप्त किया।
आलोक दीक्षित के इस संदेश ने जिले में सद्भाव और एकता का माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके इस प्रयास की सभी ने सराहना की है और इसे समाज के लिए एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।











