नई दिल्ली।गुरुवार को रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शालीमार बाग विधानसभा से विधायक रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट के मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ ही दिल्ली को अपनी नई सरकार मिल चुकी है।रेखा सरकार एक्शन मोड में है।पहले ही दिन से सरकार एक के बाद एक फैसले ले रही है।रेखा सरकार बनने के साथ ही अब बारी है विधायकों के शपथ ग्रहण की।विधायकों के शपथ के लिए दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र बुलाया गया है जो 24 फरवरी सोमवार से शुरू होगा।
24 फरवरी को प्रोटेम स्पीकर दिलाएंगे विधायकों को शपथ
विधायकों को शपथ दिलाने के लिए एक प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया जाता है। इसके बाद स्पीकर और डिप्टी स्पीकर नियुक्त किया जाता है और फिर सदन की कार्यवाही सामान्य रूप से चलती है।भाजपा ने प्रोटेम स्पीकर के तौर पर विधायक अरविंदर सिंह लवली को नियुक्त किया है।अरविंदर सिंह लवली पहले उपराज्यपाल के ऑफिस में प्रोटेम स्पीकर की शपथ लेंगे फिर वो विधानसभा में 24 फरवरी को सभी विधायकों को शपथ दिलाएंगे।
विजेंद्र गुप्ता ने बताया सरकार का एजेंडा
शुक्रवार को विजेंद्र गुप्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया था कि दिल्ली विधानसभा का तीन दिन का सत्र बुलाया जाने वाला है। इस दौरान प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति,विधायकों का शपथ ग्रहण, स्पीकर और डिप्टी स्पीकर की नियुक्ति होगी।इसके बाद सरकार अपने पहले एजेंडे के तहत सदन में कैग की लंबित रिपोर्ट्स पेश करेगी। दिल्ली विधानसभा का सत्र 24, 25 और 27 फरवरी को चलेगा। इसमें कई और चर्चाएं भी हो सकती हैं।









