Explore

Search

April 21, 2026 9:53 am

यूपी में बनेंगे चार नए एक्सप्रेस-वे,रोड कनेक्टिविटी होगी बेहतर,जानें किस ज‍िलों के लोगों को होगा फायदा

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे की कनेक्टिविटी और बेहतर की जाएगी।गुरुवार को पेश किए गए बजट में योगी सरकार ने चार नए एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए 1,050 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। इन एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद तीन प्रमुख तीर्थ स्थलों काशी,प्रयागराज और हरिद्वार की कनेक्टिविटी में सुधार होगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण इनका निर्माण कराएगा।

 

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सड़कों की कनेक्टिविटी को और मजबूत कर रही है।औद्योगिक विकास के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 36 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे। इनमें से 6.50 लाख करोड़ से अधिक का निवेश प्रदेश में आ चुका है।

 

सुरेश खन्ना ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से गंगा एक्सप्रेस-वे को कनेक्ट करने के लिए नया लिंक एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। 90.83 किलोमीटर लंबे इस लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण पर 4837.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रवेश नियंत्रित छह लेन का यह ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे जंक्शन के पास इटावा के कुदरैल से शुरू होगा और फर्रुखाबाद होते हुए हरदोई में समाप्त होगा। सरकार ने बजट में इसके लिए 900 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है।

 

सुरेश खन्ना ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे को प्रयागराज, मिर्जापुर,वाराणसी,चंदौली होते हुए सोनभद्र से जोड़ने के लिए विन्ध्य लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जाएगा। 320 किलोमीटर के इस लिंक एक्सप्रेस-वे के निर्माण पर करीब 22,400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे के अंतिम बिंदु प्रयागराज से शुरू होकर सोनभद्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर समाप्त होगा। इसका निर्माण होने के बाद मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के साथ उत्तर प्रदेश की रोड कनेक्टिविटी बेहतर होगी। सरकार ने बजट में इसके लिए 50 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है।

 

सुरेश खन्ना ने बताया कि मेरठ को हरिद्वार से जोड़ने को लेकर गंगा एक्सप्रेस-वे के विस्तारीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये रखे हैं। इसके निर्माण के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे से काशी, प्रयागराज और हरिद्वार तीन तीर्थ स्थल जुड़ जाएंगे। 594 किलोमीटर लंबी गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना पर 36,230 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसे वाहनों की 120 किलोमीटर की रफ्तार के हिसाब से डिजाइन किया गया है। साथ ही बुंदेलखंड रीवा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए सरकार ने बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है।

 

सुरेश खन्ना ने बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के साथ डिफेंस इंडस्ट्रियल कारीडोर परियोजना के लिए 461 करोड़ रुपये का प्रविधान भी सरकार ने किया है। इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 9.5 हजार करोड़ रुपये का निवेश अनुमानित है।

 

सुरेश खन्ना ने बताया कि लखनऊ में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) सिटी के विकास के लिए पांच करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।साइबर सुरक्षा में टेक्‍नोलॉजी ट्रांसलेशन रिसर्च पार्क की स्थापना के लिए तीन करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर