प्रयागराज।गंगा की धरा पर विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन महाकुंभ में बुधवार को योगी सरकार की कैबिनेट बैठक होगी। बैठक में योगी सरकार के सभी 54 मंत्रियों को बुलाया गया है।बैठक में उत्तर प्रदेश को कई सौगात देने वाली योजनाओं और प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी।
सीएम मंत्रिमंडल के साथ संगम में लगाएंगे आस्था की डुबकी
बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरे मंत्रिमंडल के साथ संगम में आस्था की डुबकी भी लगाएंगे। इससे पहले सीएम योगी ने 2019 कुंभ में अपने मंत्रिमंडल के साथ संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी।तब सीएम के साथ अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि और अन्य साधु संतों ने भी संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी।
योगी सरकार के सभी 54 मंत्रियों को बुलाया गया
महाकुंभ में योगी सरकार की कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए सभी 54 मंत्रियों को बुलाया गया है।यह बैठक अरैल के त्रिवेणी संकुल में दोपहर 12 बजे शुरू होगी।संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इस लिए अरैल में कैबिनेट बैठक करने का फैसला लिया गया है।
बैठक को लेकर सभी पहलुओं का रखा गया ध्यान
पहले ये कैबिनेट बैठक मेला प्राधिकरण के सभागार में होनी थी,लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बाद में बैठक का स्थान बदल दिया गया,क्योंकि अगर मेला प्राधिकरण के सभागार में मंत्रियों की बैठक की जाती है तो वीआईपी सुरक्षा के चलते श्रद्धालुओं को दिक्कत हो सकती थी।
सभी मंत्री करेंगे पूजा-अर्चना
कैबिनेट बैठक के बाद सभी मंत्री अरैल वीआईपी घाट से मोटर बोट के जरिए संगम जाएंगे।यहां सीएम योगी समेत सभी मंत्री विधिवत पूजन करेंगे। इसके बाद संगम तट पर बनी जेटी के जरिये संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे।
बैठक में ये मंत्री होंगे शामिल
सीएम योगी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक,कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कैबिनेट स्वतंत्रदेव सिंह,कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य,जयवीर सिंह,लक्ष्मी नारायण चौधरी,धर्मपाल, नंदगोपाल नंदी और अनिल राजभर सहित सभी 21 मंत्री और बाकी स्वतंत्र प्रभार वाले और राज्यमंत्री सहित कुल 54 मंत्री कैबिनेट बैठक में शामिल होने के बाद संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे।











