Explore

Search

February 17, 2026 9:09 pm

महाकुम्भ के लिए लांच हुआ नया एफ‌एम चैनल,सीएम योगी ने किया शुभारंभ

महाकुम्भ नगर। सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के रेडियो प्रभाग आकाशवाणी ने शुक्रवार को महाकुम्भ से संबंधित सूचनाओं के प्रसार के लिए समर्पित एफएम चैनल कुम्भवाणी शुरू किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने प्रयागराज दौरे के दूसरे दिन आज शुक्रवार को सर्किट हाउस में आकाशवाणी के एफएम रेडियो चैनल कुंभवाणी का शुभारंभ किया।

 

बता दें कि 103.5 मेगाहर्ट्ज पर प्रसारित होने वाला यह चैनल कनेक्टिविटी की समस्याओं वाले क्षेत्रों में महाकुंभ की जानकारी पहुंचाएगा। 10 जनवरी से 26 फरवरी तक ऑन एयर रहेगा। चैनल का प्रसारण सुबह 5.55 बजे से लेकर रात 10.05 बजे तक होगा।सीएम योगी ने कुम्भवाणी शुरू करने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रसार भारती को भी धन्यवाद दिया।

 

सीएम योगी ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि यह एफएम चैनल न सिर्फ बहुत लोकप्रिय होगा, बल्कि महाकुंभ की जानकारी भी दूरदराज के गांवों तक पहुंचाएगा। इस चैनल के माध्यम से दूर-दूर के लोग सनातन संस्कृति और महाकुंभ के बारे में जान पाएंगे और आने वाली पीढ़ी को भी इसके बारे में बता सकेंगे। सीएम ने कुंभवाणी चैनल की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रसार भारती को धन्यवाद दिया।

 

सीएम योगी ने कहा कि पहले लोक परंपरा और संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने का सबसे प्रमुख माध्यम आकाशवाणी था। उन्हें याद आया कि बचपन में वे आकाशवाणी के जरिए रामचरित मानस की पंक्तियां ध्यान से सुनते थे। समय के साथ तकनीक में बदलाव आया और लोग दूरदर्शन के जरिए दृश्यों को भी देख सकते थे। बाद में निजी चैनल भी आए, लेकिन अब भी दूरदराज के इलाकों में कनेक्टिविटी की समस्याएं हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रसार भारती ने 2013, 2019 और अब 2025 में कुंभवाणी एफएम चैनल की शुरुआत की है, ताकि इस माध्यम से महाकुंभ की जानकारी दूरदराज के क्षेत्रों में भी पहुंच सके।

 

सीएम योगी ने कहा कि महाकुंभ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन गौरव और गर्व का महासमागम है। सीएम ने कहा कि जो लोग सनातन धर्म को संकीर्ण दृष्टिकोण से देखते हैं और समाज में पंथ, जाति या सम्प्रदाय के आधार पर भेदभाव करते हैं, उन्हें महाकुम्भ आकर देखना चाहिए। यहां कोई पंथ,जाति,सम्प्रदाय,छुआछूत या लिंग का भेद नहीं है। सभी लोग एक साथ आकर आस्था की डुबकी लगाते हैं और यह एकजुटता का प्रतीक है। सीएम ने कहा कि महाकुंभ पूरी दुनिया को एक घोंसले की तरह दिखाता है, जहां हर कोई एकजुट होकर सनातन धर्म के संदेश को फैलाता है।

 

सीएम योगी ने कहा कि महाकुंभ में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो चुका है और वे आस्था की डुबकी लगाकर आध्यात्मिकता की गहराई को समझने का प्रयास कर रहे हैं। इस अद्भुत क्षण को प्रसार भारती ने कुंभवाणी के रूप में प्रस्तुत किया है, जो पूरे दिन के कार्यक्रमों और धार्मिक उद्धरणों को दूरदराज के गांवों तक पहुंचाएगा। सीएम ने कहा कि जब हम सनातन धर्म के गौरव को सच्चे दिल से फैलाते हैं, तो यह आमजन में सच्ची श्रद्धा का भाव उत्पन्न करता है। कोविड महामारी के दौरान जब दूरदर्शन ने रामायण का प्रसारण शुरू किया था तो उसकी टीआरपी बढ़ गई थी। आज एफएम चैनल भी युवाओं के बीच लोकप्रिय है और कुंभवाणी को इसका फायदा मिलेगा।

 

इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री डॉ. एल मुरुगन,उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी,ओम प्रकाश राजभर, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष नवनीत सहगल उपस्थित थे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर