Explore

Search

February 17, 2026 6:18 pm

अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की बिगड़ी तबीयत,एम्स में एडमिट

नई दिल्ली।अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की तबीयत बिगड़ने की खबर आ रही है।इलाज के लिए छोटा राजन को एम्स में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि छोटा राजन को साइनस की प्रॉब्लम है।छोटा राजन को एम्स ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने कहा कि ऑपरेशन करना पड़ सकता है। इसलिए उसे एडमिट करवाया गया है।

छोटा राजन को आजीवन कारावास की सजा

मुंबई की एक विशेष अदालत ने 2001 में होटल व्यवसायी जय शेट्टी की हत्या के मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को कुछ महीने पहले ही आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामलों के विशेष न्यायाधीश एएम पाटिल ने छोटा राजन को हत्या के लिए भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया।जय शेट्टी मध्य मुंबई के गामदेवी में गोल्डन क्राउन होटल का मालिक था।

इस मामले में सुनाई गई थी सजा

छोटा राजन गिरोह की ओर से जबरन वसूली की धमकियों का सामना कर रहे जय शेट्टी को गिरोह के दो कथित सदस्यों ने चार मई 2001 को होटल की पहली मंजिल पर गोली मार दी थी।पुलिस ने होटल प्रबंधक की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया था।मामले की जांच से पता चला कि शेट्टी को छोटा राजन गिरोह के सदस्य हेमंत पुजारी से रंगदारी के लिए फोन आया था और पैसे न देने पर उसकी हत्या कर दी गई।

 

छोटा राजन पर जबरन वसूली समेत कई मामले दर्ज

 

अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन के खिलाफ जबरन वसूली और संबंधित अपराधों के लिए कई मामले दर्ज किए गए हैं, इसलिए होटल व्यवसायी की हत्या के मामले में उसके और अन्य आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत भी आरोप जोड़े गए।पिछले दो अलग-अलग मुकदमों में हत्या के मामले में तीन अन्य आरोपियों को दोषी ठहराया गया था और एक को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था।छोटा राजन 2011 में पत्रकार जेडे की हत्या के मामले में पहले से ही आजीवन कारावास की सजा काट रहा है और वर्तमान में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर