Explore

Search

September 23, 2026 12:17 am

लेटेस्ट न्यूज़

साल की पहली सुबह मंदिरों में गूंजे जयकारे,अयोध्या, काशी और मथुरा में उमड़ा भक्तों सैलाब  

लखनऊ।नए साल 2025 आज से शुरू हो गया है।कुछ लोगों ने आतिशबाजी के साथ साल का स्वागत किया तो कुछ लोग सुबह ही मंदिरों में दर्शन करने के लिए पहुंच गए। रामनगरी अयोध्या,आध्यात्मिक नगरी काशी, वृंदावन,कानपुर और आगरा समेत अन्य जगहों के मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रशासन को पहले से ही इसका अनुमान था।प्रशासन ने राम मंदिर समेत अन्य मंदिरों में खास इंतजाम किया है।सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।

 

रामनगरी अयोध्या और आध्यात्मिक नगरी काशी में मंगला आरती के साथ ही पूजा करने वालों का तांता लग गया। वृंदावन में भक्तों की भारी भीड़ बिहारी जी के मंदिर के बाहर इकट्ठा हो गई।बड़ी संख्या में भक्त बिहारी जी के मंदिर के पट खुलने का इंतजार करते नजर आए।कानपुर,लखनऊ समेत कई जिलों के मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्त अपने पूरे परिवार के साथ पहुंच रहे हैं।

 

रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ लग गई।रामलला की मंगला आरती के साथ ही पूजन का सिलसिला भी शुरू हो गया।हर तरफ जयश्री राम के उद्घोष सुनाई देने लगा।सुरक्षा कारणों से पुलिस ने पुख्ता इंतजाम तो किए ही साथ ही कई रास्तों पर वाहनों की नो एंट्री भी कर दी गई।रामपथ से अयोध्या धाम आने वाले कामर्शियल वाहन/ऑटो, ई-रिक्शा का उदया चौराहे से एंट्री बैन है।गाड़ियों की पार्किंग के लिए भी खास व्यवस्था है।

 

वैसे तो 31 दिसंबर को ही आध्यात्मिक नगरी काशी में लाखों श्रद्धालु पहुंच गए थे,लेकिन साल के पहले दिन यहां का नजारा अलग ही दिखा।सुबह से ही घाटों पर स्नान और दान का सिलसिला शुरू हो गया।बाबा विश्वनाथ के पूजन के साथ ही काशी के मंदिरों में जयघोष गूंजने लगे।संकट मोचन,बड़ा गणेश,काल भैरव,दुर्गा मंदिर समेत ज्यादातर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ नजर आई।अनुमान है कि इस बार 1 जनवरी को लगभग 5 से 7 लाख लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे। भक्तों की भारी भीड़ के चलते यहां के होटल और लॉज फुल हो चुके हैं।

 

मथुरा और वृंदावन में हालात कुछ ऐसे ही है।यहां भी बड़ी संख्या में भक्त बिहारी जी के दर्शन के लिए पहुंचे।सुबह बिहारी जी के मंदिर के पट खुलने का भक्त इंतजार करते नजर आए। राधारानी,गिरिराज जी,गोकुल,प्रेम मंदिर और इस्कॉन मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ दर्शन-पूजन करने पहुंची।भक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने काफी इंतजाम किए हैं।

 

कानपुर के मंदिरों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ दिख रही है।बाबा आनंदेश्वर,सिद्धनाथ,जागेश्वर,नागेश्वर,सिद्धिविनायक मंदिर,तपेश्वरी माता,बारादेवी,पनकी हनुमान मंदिर,जेके मंदिर समेत ज्यादातर मंदिरों में भक्त अपने पूरे परिवार के साथ दर्शन के लिए पहुंचे।गंगा स्नान के लिए भी घाटों पर ऐसे ही हालात दिख रहे हैं।जहां मंदिरों में जयकारे गूंज रहे हैं तो वहीं बिठूर में भी गंगा स्नान और दर्शन पूजन के लिए भक्तों का सैलाब सा उमड़ा हुआ है।

 

न‌ए साल पर आगरा के मंदिरों में भी भक्त उमड़ पड़े हैं। साल अपने आराध्य का दर्शन करने के लिए भक्त सुबह से ही पहुंच रहे हैं।ऐसे में भक्तों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए खाटू श्याम मंदिर में बाउंसरों की तैनाती की गई है। वहीं मनकामेश्वर मंदिर में पुलिस बल की तैनाती के साथ ही बैरिकेडिंग लगाई गई है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर