Explore

Search

November 7, 2026 12:50 pm

लेटेस्ट न्यूज़

जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक, जनपद में अब 1391 मतदेय स्थल होंगे

इटावा 06 नवम्बर, 2026-जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जनपद द्वारा भारत निर्वाचन आयोग को अनुमोदन हेतु भेजे गए मतदेय स्थलों के संशोधन प्रस्ताव को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है इस संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद द्वारा मतदेय स्थलों के समायोजन एवं संशोधन का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को अनुमोदन हेतु भेजा गया था, जिसे आयोग द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अनुमोदन के उपरांत जनपद की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में सम्भाजन के उपरांत नए मतदान केंद्रों की संख्या 941 एवं सम्भाजन के उपरांत नए मतदेय स्थलों की संख्या 1391 निर्धारित किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र 199-जसवंतनगर में 338 मतदान केंद्र एवं 467 मतदेय स्थल, विधानसभा क्षेत्र 200-इटावा में 242 मतदान केंद्र एवं 442 मतदेय स्थल तथा विधानसभा क्षेत्र 201-भरथना (अ०जा०) में 361 मतदान केंद्र एवं 482 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित संशोधित मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की सूची का अपने स्तर से व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं तथा अपने नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को भी संशोधित सूची के संबंध में अवगत कराएं, जिससे मतदाताओं को अपने मतदान केंद्र एवं मतदेय स्थल की जानकारी प्राप्त करने में आसानी हो। उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर पात्र युवा एवं महिला मतदाताओं का अधिक से अधिक नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने में सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने में सभी राजनीतिक दलों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

उक्त के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार, कृपा नारायण तिवारी भाजपा, संजीव भदौरिया भाजपा, आशुतोष दीक्षित कांग्रेस, उदयभान सिंह यादव समाजवादी पार्टी, प्रदीप शाक्य बबलू समाजवादी पार्टी, सतीश नागर कांग्रेस, प्रेरणा जुबैरी कांग्रेस, इकरार अहमद आम आदमी पार्टी, अंकुर कुमार आम आदमी पार्टी, राजेश कुमार वर्मा अपना दल, देव प्रताप सिंह अपना दल, प्रेम शंकर यादव सी0पी0आई, डॉ शौकीन सिंह सी0पी0आई सहित समस्त राजनैतिक दल उपस्थित रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर