छिबरामऊ (कन्नौज। दीपावली पर्व से पूर्व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से सैंपल जांच और निरीक्षण के नाम पर छोटे एवं फुटकर व्यापारियों के कथित आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न का मुद्दा उठाया गया है। इसको लेकर समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष प्रियतेश सिंह तोमर के नेतृत्व में छिबरामऊ तहसील पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि हलवाई, परचून दुकानदारों, फुटकर व्यापारियों और छोटे खाद्य कारोबारियों को जांच एवं निरीक्षण के नाम पर परेशान न किया जाए। साथ ही सैंपल जांच की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रखी जाए, ताकि व्यापारियों को सम्मानपूर्वक अपना कारोबार करने का अवसर मिल सके।
जिला अध्यक्ष प्रियतेश सिंह तोमर ने कहा कि छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न बंद होना चाहिए। समाजवादी व्यापार सभा सदैव व्यापारियों के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।
इस दौरान कोषाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अशोक चौहान, वरिष्ठ सपा नेता शैलेंद्र बबल प्रधान, चंद्रजीत एडवोकेट, जिला सचिव विवेक प्रजापति, अवनीश गुप्ता, गोविंद यादव, संतोष गुप्ता, महेंद्र, पवनेश, विपिन, सतीश, गौरव सहित समाजवादी पार्टी के तमाम कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।





