पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई थानों और चौकियों पर नए प्रभारी तैनात
.हरदोई जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार कई थानों के प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
फेरबदल के तहत निरीक्षक अतुल कुमार सिंह को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर थाना बेनीगंज का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। यह तैनाती पूर्व प्रभारी निरीक्षक कौशलेश कुमार सिंह के निलंबन के बाद की गई है। वहीं निरीक्षक अनिल कुमार को पुलिस लाइन से प्रभार देकर थाना कछौना का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह को कछौना थाने के थानाध्यक्ष पद से हटाकर थाना अरवल का थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बेनीगंज की प्रतापनगर चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कुमार को नई जिम्मेदारी देते हुए थाना हरियावां का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उपनिरीक्षक प्रभु नारायण पाल को सण्डीला से स्थानांतरित कर जहानीखेड़ा चौकी (थाना पिहानी) का प्रभारी बनाया गया है, जबकि यहां तैनात उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र यादव को पुलिस लाइन भेजा गया है।
उपनिरीक्षक राकेश चौधरी को पचदेवरा से स्थानांतरित कर प्रतापनगर चौकी, थाना बेनीगंज का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं उपनिरीक्षक रोहित कुमार पाण्डेय को शहर कोतवाली की राधानगर चौकी से हटाकर थाना पचदेवरा भेजा गया है। उपनिरीक्षक राकेश कुमार को बघौली चौराहा चौकी से स्थानांतरित कर राधानगर चौकी, कोतवाली शहर का प्रभारी बनाया गया है। वहीं उपनिरीक्षक विशाल पुण्डीर को कछौना से स्थानांतरित कर बावन चौकी, थाना लोनार की जिम्मेदारी दी गई है। बावन चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक वरुण शुक्ला को पुलिस लाइन संबद्ध किया गया है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक अजय तोमर को बिलग्राम से स्थानांतरित कर बेनीगंज में नई तैनाती दी गई है। उपनिरीक्षक अतुल गुप्ता को सवायजपुर की रूपापुर चौकी से हटाकर बघौली चौराहा चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं उपनिरीक्षक आशीष त्यागी को पिहानी से स्थानांतरित कर रूपापुर चौकी, थाना सवायजपुर का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस विभाग के इस व्यापक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था में कसावट लाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
Author: Mohammed irfan













