अब्दुल्ला अख़्तर कन्नौज
तहसीलदार को बैरंग लौटाया, प्रदेश भर में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगा संगठन
छिबरामऊ (संवाददाता):
तहसील क्षेत्र के ग्राम बहबलपुर में एक सदी (100 वर्ष) से भी पुराने आम रास्ते पर जबरन कब्जा कराए जाने का एक बेहद गरमाया हुआ मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि अमीन ने 13 फुट के सरकारी आदेश की आड़ में जबरिया 30 फुट जगह पर कब्जा करा दिया। इसके विरोध में ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर न सिर्फ निर्माण कार्य रुकवाया, बल्कि भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार को भी प्रदर्शनकारियों के भारी विरोध के कारण बैरंग वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, अमीन की मिलीभगत से रामनरेश यादव, ब्रजनन्दन यादव और उनके परिवार द्वारा सरकारी पटरी को खोदकर उस पर अवैध निर्माण शुरू कर दिया गया था। जैसे ही इस बात की भनक गांव वालों को लगी, भारी संख्या में ग्रामीण लामबंद होकर मौके पर पहुंच गए और चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल बंद करा दिया।
मामला तूल पकड़ते ही भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के नेता अपनी टीमों के साथ आंदोलन को समर्थन देने धरना स्थल पर पहुंच गए। धरने पर मुख्य रूप से मुखिया नागर, सत्यप्रकाश नागर, बॉबी जाटव, भगवद्दयाल, लालबाबू, उदयवीर यादव, जयप्रकाश सिंह, अमर सिंह और नीरजा नागर मौजूद रहे। इसके साथ ही भाकियू (बलराज) के जिला अध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह और युवा प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर सौरव यादव ने भी अपनी टीम के साथ ग्रामीणों की आवाज बुलंद की।
भाकियू बलराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने कहा अब यह लड़ाई आर-पार की होगी। कल देश और प्रदेश के सभी जनपदों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। अगर प्रशासन ने कल तक रास्ता खाली नहीं कराया, तो बहबलपुर की धरती पर एक विशाल महापंचायत बुलाई जाएगी और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाने और धरना समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों के तेवर देखकर उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ा। संगठन ने साफ कर दिया है कि जब तक रास्ता पूरी तरह बहाल नहीं होता, तब तक पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता। गांव में इस समय भारी तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
लेटेस्ट न्यूज़

100 साल पुराने रास्ते पर जबरन कब्जे को लेकर भड़के ग्रामीण, भाकियू (बलराज) ने किया महापंचायत का ऐलान










