अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ। तहसील के सौरिख थाना क्षेत्र के रुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। पत्नी को लहुलूहान और मरणासन्न हालत में देख, लोकलाज और कार्रवाई के डर से पति ने घर के बाहर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल पत्नी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुर गांव के रहने वाले 50 वर्षीय गोविंद दुबे का अपनी पत्नी आरती के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गोविंद आपे से बाहर हो गया। आक्रोशित गोविंद ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी आरती के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया।
कुल्हाड़ी लगते ही आरती खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी और अचेत हो गई। पत्नी को इस हालत में देखकर गोविंद घबरा गया। उसे लगा कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके तुरंत बाद गोविंद ने घर के बाहर खड़े एक पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा सौरिख थाना क्षेत्र के रुर गांव में घरेलू कलह के चलते एक अधेड़ ने अपनी पत्नी पर हमला कर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और पंचायतनामा भरकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल आरती को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
लेटेस्ट न्यूज़
सवालों के घेरे में इटावा का कोचिंग हब: क्या विभाग की मिलीभगत से चल रहे थे अवैध सेंटर?
July 11, 2026
8:53 pm

घरेलू विवाद में खूनी खेल, पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर पति ने दी जान










