Explore

Search

July 1, 2026 8:26 pm

लेटेस्ट न्यूज़

मासूमों की जान से खिलवाड़: पार्क में किया अवैध निर्माण फैलाया करंट का जाल, 5 बच्चे चपेट में

अब्दुल्ला अख़्तर छिबरामऊ

जनता का फूटा गुस्सा: मौके पर उखाड़ फेंके टट्टर, नगर पालिका ने दी 24 घंटे में बुलडोजर चलाने की चेतावनी
छिबरामऊ।
नगर पालिका छिबरामऊ के अंतर्गत आने वाली इंदिरा आवास कॉलोनी में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। कॉलोनी में स्थित बच्चों के खेलने के पार्क और पानी की टंकी के नीचे पिछले 4 वर्षों से पैर पसारे अवैध कब्जाधारियों की दबंगई और लापरवाही के कारण पांच मासूम बच्चे करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने मौके पर अवैध रूप से लगाए गए टीन-टट्टर को उखाड़ फेंका।
मिली जानकारी के अनुसार, दबंग कब्जाधारियों ने न सिर्फ पार्क की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से टीन और टट्टर डालकर कब्जा कर रखा था, बल्कि अपनी इस अवैध घेराबंदी को बचाने के लिए चारों तरफ बिजली के नंगे तार लपेट दिए थे। बुधवार को पार्क के पास खेल रहे पांच बच्चे अनजाने में इन तारों की चपेट में आ गए और उन्हें जोरदार करंट लग गया। गनीमत रही कि समय रहते बच्चों को बचा लिया गया और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
4 साल से सोया था प्रशासन, तीखे सवाल:
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि आखिर 4 साल से यह अवैध कब्जा प्रशासन को क्यों नहीं दिखा?, क्या नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन किसी बड़े और दर्दनाक हादसे का इंतजार कर रहे थे?, बच्चों के खेलने की जगह पर मौत का जाल बिछाने वाले इन रसूखदारों को किसका संरक्षण प्राप्त था?
हादसे से आक्रोशित बच्चों के परिजनों ने तत्काल कोतवाली छिबरामऊ पहुंचकर लिखित प्रार्थना पत्र दिया है और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मामले के तूल पकड़ते ही नगर पालिका प्रशासन भी हरकत में आया है। मौके पर पहुंचे सफाई विभाग के इंचार्ज ने स्थिति का जायजा लिया और कब्जाधारियों को सख्त हिदायत देते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। अधिकारी ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर अवैध कब्जा खुद नहीं हटाया गया, तो नगर पालिका का बुलडोजर अवैध निर्माण को जमींदोज कर देगा। अब देखना यह है कि प्रशासन सिर्फ कागजी चेतावनी देता है या इन लापरवाह कब्जाधारियों को सलाखों के पीछे भेजता है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर