अब्दुल्ला अख़्तर
ईओ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 1 से 31 जुलाई तक शहर के सभी वार्डों में चलेगी विशेष सफाई
छिबरामऊ (कन्नौज)।
बदलते मौसम और बरसात के दस्तक देते ही संचारी रोगों के खतरे को भांपते हुए नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बुधवार को अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने नगर पालिका परिसर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का हरी झंडी दिखाकर औपचारिक शुभारंभ किया। यह अभियान 1 से 31 जुलाई तक पूरे एक महीने चलाया जाएगा, जिसके तहत नगर के सभी वार्डों की सूरत बदलने और मच्छरों के प्रकोप से मुक्ति दिलाने का खाका तैयार किया गया है, अभियान की शुरुआत करते हुए अधिशासी अधिकारी ने उपस्थित कर्मचारियों और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा बरसात के मौसम में संचारी रोगों और मच्छरों से पनपने वाली बीमारियों की संभावना सबसे अधिक होती है। थोड़ी सी भी लापरवाही मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी घातक बीमारियों को दावत दे सकती है। लेकिन अगर हम पूरी सावधानी बरतें, तो इन रोगों को फैलने से रोका जा सकता है। इस जंग को जीतने का एकमात्र प्रभावी हथियार ‘स्वच्छता’ ही है।
ईओ ने बताया कि अभियान के दौरान सिर्फ कूड़ा उठाना ही प्राथमिकता नहीं होगी, बल्कि हर मोहल्ले और गली-कूचे में एंटी-लार्वा दवाओं और चूने का सघन छिड़काव किया जाएगा, जलजमाव वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष सफाई होगी, फॉगिंग और सैनिटाइजेशन का काम भी युद्ध स्तर पर किया जाएगा ताकि संचारी रोगों के वायरस को पनपने से रोका जा सके।
नगर पालिका से शुरू हुई कैंपस रैली सबसे पहले वार्ड नंबर 1 (अंबेडकर नगर) पहुंची। यहाँ ईओ की मौजूदगी में सफाई कर्मियों ने तुरंत सफाई अभियान और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव का काम शुरू कर दिया। रैली के माध्यम से स्थानीय लोगों को भी अपने घरों के आसपास पानी न जमा होने देने की अपील की गई।
अभियान के भव्य शुभारंभ के मौके पर नगर पालिका की पूरी टीम जमीन पर उतरी दिखाई दी। इस दौरान सफाई प्रभारी अमरदीप, सहायक सफाई प्रभारी प्रवेश यादव, सफाई नायक: सुभाष चंद्र, सलाउद्दीन, सूरज कुमार, राजेंद्र कुमार, आनंद कुमार, सुजीत कुमार व अमरजीत।
इसके साथ ही भारी संख्या में ई-रिक्शा, ट्रिपर चालक और नगर पालिका के जांबाज सफाई कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान को सफल बनाने के लिए उपस्थित रहे।
Author: Mohammed irfan













