मोहम्मद दिलशाद/अब्दुल्ला अख़्तर
विशुनगढ़: क्षेत्र में यौम-ए-आशूरा (मोहर्रम की 10वीं तारीख) पर मोहर्रम के ताजिए पूरी अकीदत, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में निकाले गए। शुक्रवार देर रात्रि ताजियों को नम आंखों से कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की कर्बला में दी गई शहादत को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इमाम हुसैन की शहादत ने इंसानियत और मानवता के मूल्यों की रक्षा की है। उनका बलिदान पूरी दुनिया को जुल्म के खिलाफ खड़े होने और हक की राह पर चलने का संदेश देता है।
शुक्रवार को मोहर्रम की दसवीं तारीख के मौके पर मोहल्ला जिलापुरी से उठा ताजिया जामा मस्जिद इमामबाड़े पर पहुंचा, जहां अकीदतमंदों ने फातिहा और दरूद पढ़ी, इसके बाद दोनों ताजिए गश्त करते हुए अपनी मंजिल की तरफ आगे बढ़े, रास्ते भर जगह-जगह कुरआन ख्वानी और फातिहा का सिलसिला चलता रहा, अकीदतमंदों ने जगह-जगह सबीलें (प्याऊ) लगाईं, मन्नतें मांगीं और मेहंदी व चांदी के चिराग जलाकर फातिहा दिलाई।
ताजिये के जुलूस के दौरान अखाड़े में बच्चों और बुजुर्गों ने लाठी-डंडों और पारंपरिक हथियारों से हैरतअंगेज करतब दिखाए। अकीदतमंदों ने फातिहा दिलाने के बाद लोगों को शर्बत पिलाया और लंगर (तबर्रुक) का वितरण किया। देर शाम होते-होते ताजिए पूरी अकीदत के साथ कर्बला पहुंचे, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
जुलूस के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। थानाध्यक्ष भगमल सिंह और कस्बा इंचार्ज हृदयराज उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस की टीम लगातार गश्त करती रही। सुरक्षा व्यवस्था में मुख्य रूप से एसआई राम शंकर, एसआई अश्वनी तिवारी, एसआई हरे कृष्णा, कांस्टेबल मनोज कुमार, मनीष, वीरेंद्र सिंह, संजय तिवारी, संजय सिंह, शिवम गुप्ता, प्रशांत राणा और राजू सरोज सहित तमाम पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद दिखे।
जुलूस में हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां हर वर्ग के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस मौके पर मुख्य रूप से मोहम्मद शकील, लईक अहमद रिजवी, खलीफा अकबर हुसैन, अख्तर हुसैन, आलम सिद्दीकी, चांद बेग, सयूम सिद्दीकी, अब्दुल अजीज, छोटे सिद्दीकी, राजन, साजिद मंसूरी, गुड्डू टेलर, रहीस मंसूरी, सलमान वारसी, मकसूद अली और छुट्टन खाँ एवं राजनीतिक व सामाजिक नेताओं में अखिल भारतीय लोधी महासभा के राष्ट्रीय महासचिव व वरिष्ठ भाजपा नेता रामबख्श लोधी, वरिष्ठ भाजपा नेता व जिला प्रतिनिधि सदस्य सुधीर कुमार द्विवेदी, व्यापार मंडल के जिला मंत्री सर्वेश राठौर और असपा नेता नेम कुमार पुच्चु आदि लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़











