Explore

Search

June 16, 2026 7:01 pm

लेटेस्ट न्यूज़

जल जीवन मिशन के दावों की खुली पोल: टंकी और कनेक्शन के बावजूद बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण

अब्दुल्ला अख़्तर
छछौनापुर गांव में पेयजल संकट गहराया, पाइपलाइन लीक होने से घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी
छिबरामऊ (कन्नौज)।
सरकार द्वारा हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘जल जीवन मिशन’ छिबरामऊ क्षेत्र में दम तोड़ता नजर आ रहा है। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिघौली के मजरा छछौनापुर गांव में लाखों रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी और घर-घर दिए गए कनेक्शनों के बावजूद ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक (पानी की टंकी) का निर्माण कराया गया था। इसके साथ ही योजना के तहत पूरी मुस्तैदी से पाइपलाइन बिछाकर हर घर में पानी के कनेक्शन दिए गए थे और टोटियां भी लगवाई गई थीं। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरी कवायद को महीने बीत चुके हैं, लेकिन आज तक उनके घरों की टोटियों से पानी की एक बूंद भी नहीं टपकी है। वर्तमान में यह पानी की टंकी पूरी तरह निष्क्रिय पड़ी है।
ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल आपूर्ति ठप होने की मुख्य वजह पाइपलाइन का कई जगहों से लीक होना है। लीकेज के कारण जहां एक तरफ पानी की भारी बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी तरफ घरों तक होने वाली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। ग्रामीणों का दर्द यहीं कम नहीं होता; उनका कहना है कि कभी-कभी अगर थोड़ा-बहुत पानी आता भी है, तो वह इतना गंदा और बदबूदार होता है कि उससे हाथ धोना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस पानी को पीना तो दूर, अन्य घरेलू कामों में लाना भी बीमारी को दावत देने जैसा है।
इस गंभीर पेयजल समस्या से परेशान और आक्रोशित ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से जल्द से जल्द राहत दिलाने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों की इस समस्या पर जब विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया, तो जल निगम के एक्सईएन बीपी सिंह ने बताया कि समस्या का समाधान जल्द से जल्द कराया जाएगा।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर