हरदोई जिले मुठभेड़ के बाद बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
हरदोई जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पचदेवरा थाना पुलिस ने देर रात हुई कार्रवाई में चार शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल भी हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, बाइक खोलने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार शाहाबाद क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला दर्ज कराया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक चांदपुर मोड़ के पास स्थित एक बाग में चोरी की गई मोटरसाइकिलों के पुर्जे अलग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी।
तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान नूर मोहम्मद उर्फ जरनैद्द के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। उसके साथ मौजूद राजपाल, वीरसिंह चौहान और शिवनाथ को भी गिरफ्तार कर लिया गया।तलाशी के दौरान तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इसके अलावा वाहन काटने और खोलने के लिए उपयोग किए जाने वाले औजार, एक .312 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी पुलिस ने कब्जे में लिए।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने शाहाबाद और लोनार थाना क्षेत्रों से कई मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। इन घटनाओं से संबंधित मुकदमे पहले से दर्ज हैं और पुलिस अब अन्य मामलों में भी उनकी भूमिका की जांच कर रही है।जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में नूर मोहम्मद और शिवनाथ के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











