इटावा मानिकपुर-ग्वालियर बाईपास पर स्थित पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल का परिसर आज फाल्गुन के रंगों और बच्चों की चहक से सराबोर हो उठा। विद्यालय में होली का उत्सव किसी बड़े त्योहार की तरह मनाया गया, जहाँ चारों ओर खुशियों की फुहार नजर आई। इस खास मौके पर नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ एक-दूसरे को रंग लगाकर भाईचारे का संदेश दिया। उत्सव की रौनक तब और बढ़ गई जब विद्यालय के प्रबंधक डॉ. कैलाश चंद्र यादव और प्रधानाचार्य अरविंद तोमर सहित समस्त शिक्षक गणों ने बच्चों के साथ मिलकर इस पावन पर्व का आनंद लिया।

समारोह के दौरान बच्चों को प्यार और दुलार देते हुए प्रबंधक डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने होली के वास्तविक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह त्योहार केवल रंगों का मेल नहीं, बल्कि आपसी कटुता को भुलाकर प्रेम और सौहार्द बढ़ाने का माध्यम है।

उन्होंने बच्चों को सुरक्षित होली खेलने का मंत्र देते हुए विशेष रूप से सलाह दी कि वे केवल उच्च गुणवत्ता वाले और सुरक्षित रंगों का ही प्रयोग करें ताकि किसी के स्वास्थ्य को नुकसान न पहुँचे। उन्होंने मिलावटी और हानिकारक रसायनों से दूर रहकर प्राकृतिक तरीके से खुशियां बांटने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर प्रबंधक महोदय ने सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और पूरे विद्यालय परिवार को होली की आत्मीय शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









