मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं रामप्रकाश, पुलिस ने शुरू की तलाश
अब्दुल्ला अख्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सरायदायम गंज निवासी एक 75 वर्षीय बुजुर्ग बीते दो दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। परिजनों की काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका सुराग नहीं लगा, तो मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरायदायम गंज निवासी रामप्रकाश (75) बीते 24 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे साइकिल पर सवार होकर बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम ढलने तक जब वे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। सगे-संबंधियों और संभावित ठिकानों पर काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने बताया कि रामप्रकाश पिछले एक साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे हैं। उनका इलाज कानपुर के एक अस्पताल से जारी है। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे घर लौटने का रास्ता भटक गए होंगे। परिजनों के मुताबिक, उन्हें आखिरी बार नगर के संत गेस्ट हाउस के पास देखा गया था।
पहचान और हुलिया है सफेद रंग का कुर्ता-धोती और सिर पर गमछा, साइकिल।
कुंवरपुर कंडोली चौकी इंचार्ज सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और बुजुर्ग की तलाश के लिए टीम को सक्रिय कर दिया गया है।
परिजनों ने आम जनता से भावुक अपील की है कि यदि इस हुलिए का कोई भी व्यक्ति कहीं दिखाई दे, तो तुरंत स्थानीय पुलिस या उनके परिवार को सूचित करें।









