अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ: कोतवाली क्षेत्र में एक शादी का जश्न उस वक्त खौफ में बदल गया जब कुछ दबंगों ने अचानक बारात पर हमला कर दिया। खुशी के माहौल में खलल डालते हुए इन बदमाशों ने न केवल बारातियों के साथ मारपीट की, बल्कि फिल्मी अंदाज में अवैध असलहे (तमंचे) लहराकर इलाके में दहशत फैला दी। इस हमले में 4-5 बाराती घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, कुदेपुर निवासी सुखलाल के बेटे रवि राजपूत की बारात बड़े ही गाजे-बाजे के साथ खुसुआपुर में रोहित राजपूत की बहन से ब्याह रचाने पहुँची थी। करमुल्लापुर चौराहे के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में बारातियों का जमावड़ा था। ‘दरवाजे की रस्म’ की तैयारियाँ ज़ोरों पर थीं और बाराती डीजे की धुनों पर बेफ़िक्र होकर थिरक रहे थे।
तभी अचानक 4-5 अज्ञात और मनचले युवक वहाँ आ धमके। बिना किसी कारण के उन्होंने बारातियों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। लोग जब तक कुछ समझ पाते, दबंगों ने अपनी कमर से अवैध तमंचे निकाल लिए और हवा में लहराने लगे। हथियारों की चमक और दबंगों का यह ‘फिल्मी भौकाल’ देख बारातियों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। नाच-गाने के बीच अचानक चले लात-घूंसों ने उत्सव के माहौल को अखाड़े में तब्दील कर दिया।
*सायरन बजते ही ‘दुम दबाकर’ भागे गुंडे*
इसी अफरातफरी के बीच किसी ने ‘डायल 112’ को सूचना दे दी। जैसे ही पुलिस की गाड़ी का सायरन गूँजा, असलहे लहराने वाले इन दबंगों की सारी हेकड़ी निकल गई और वे मौके से रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने तत्काल घायल बारातियों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
प्रभारी निरीक्षक विष्णुकांत तिवारी ने सख्त लहजे में बताया कि शादी जैसे पवित्र मौके पर दहशत फैलाने वाले इन फरार युवकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही इन ‘फिल्मी गुंडों’ को असली सलाखों के पीछे पहुँचाया जाएगा।
लेटेस्ट न्यूज़
मानवीय संवेदनाओं के साथ कर्तव्य का पाठ पढ़ा रहे इटावा के टीएसआई सूबेदार सिंह
March 1, 2026
10:42 pm
अज्ञात वाहन की टक्कर से शौच के लिए जा रहे बुजुर्ग की मौत
February 28, 2026
10:01 pm

बारात में ‘दबंगई’ का तांडव, डीजे की धुन के बीच लहराए तमंचे; दहशत में भागे बाराती








