Explore

Search

March 2, 2026 2:33 am

दुल्हन ने कुत्ते के लिए तोड़ी थी शादी,चार दिन बाद लौटी दूल्हे के पास,कहा- बहकावे में लिया था फैसला

फतेहपुर।उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने शादी के मंडप में तकरार और मारपीट का रूप ले लिया था।अब चार दिन बाद इसमें नया मोड़ आया गया,जिसने सबको चौंका दिया है।दुल्हन अब दूल्हे के पास पहुंच गई है।

 

खागा इलाके में बुधवार रात एक गेस्ट हाउस में धूमधाम से शादी समारोह चल रहा था।लड़की पक्ष प्रयागराज से बारात स्थल पर पहुंचा था।जयमाल और अन्य रस्में पूरी हो गई थी।सुबह लगभग चार बजे मंडप के नीचे जेवर चढ़ाने की रस्म हो रही थी,इसी दौरान दुल्हन का पालतू कुत्ता,जिसे परिवार साथ लाया था,वो भौंकने लगा।दूल्हे पक्ष के एक युवक ने कुत्ते को पीट दिया।इसके बाद शादी समारोह का माहौल बिगड़ गया। कुत्ते को पीटने पर दुल्हन पक्ष ने कड़ा विरोध जताया।देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई।गेस्ट हाउस रणक्षेत्र बन गया।दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले,कुर्सियां फेंकी गईं।

 

दोनों पक्षों को आई थी चोट

 

मारपीट में दुल्हन पक्ष के शुभम गुप्ता,ऋषभ केसरवानी और संगीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए,उनके सिर फट गए और खून बहने लगा।दूल्हा पक्ष के भी एक-दो लोगों को मामूली चोटें आईं।सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो कई लोग मौके से भाग गए।घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया और फिर प्रयागराज रेफर कर दिया गया।अगले दिन दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे।बड़ी संख्या में कस्बे के लोग भी जमा हो गए।

 

4 दिन बाद आया कहानी में नया मोड़

 

पुलिस ने दुल्हन से उसकी इच्छा पूछी,जिस पर उसने शादी से साफ इनकार कर दिया,इसके बाद पंचायत बैठी और दोनों पक्षों के बीच समझौते हुआ,एक-दूसरे को दिए गए उपहार और दान वापस कर दिए गए।मामला यहीं खत्म मान लिया गया,लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। शादी टूटने के चार दिन बाद दुल्हन अचानक घर से निकलकर दूल्हे के पास पहुंच गई,उसने साथ रहने और जीवनभर साथ निभाने की बात कही।

 

परिवार पर लगाया बहकाने का आरोप

 

इतना ही नहीं उसने परिवार पर आरोप लगाया कि उनके बहकावे में आकर उसने शादी तोड़ने का फैसला लिया था। अब दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई हैं और साथ रहने की इच्छा जताई है।एक पालतू कुत्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद शादी टूटने तक पहुंचा और फिर प्यार ने नया मोड़ ले लिया। इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।लोगों का कहना है कि यदि उस समय संयम रखा जाता तो शादी मंडप में इतना बड़ा बवाल नहीं होता।फिलहाल दोनों परिवारों की अगली रणनीति क्या होगी,इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर