Explore

Search

July 15, 2026 12:59 am

पारिवारिक कलह का खौफनाक अंत: भाई की डांट से क्षुब्ध होकर किसान ने पेड़ से लटककर दी जान

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ/तालग्राम। छिबरामऊ तहसील के तालग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत भीकमपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक ने मामूली कहासुनी के बाद घर के बाहर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय उपेंद्र कुमार निवासी भीकमपुर के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम किसी बात को लेकर उपेंद्र के बड़े भाई ने उसे डांट दिया था। भाई की डांट उपेंद्र को इतनी नागवार गुजरी कि वह गुस्से और क्षोभ में घर से निकल गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात के अंधेरे में परिजनों को गांव के बाहर एक पेड़ पर उपेंद्र का शव लटका मिला, जिसे देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
*छह साल पहले हुई थी शादी, पीछे छोड़ गया चार बच्चे*
उपेंद्र पेशे से किसान था और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। ग्रामीणों ने बताया कि उपेंद्र की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। उसके चार छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी और मां के विलाप से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। स्थानीय लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि मामूली कहासुनी का अंत इतना भयावह होगा।
सूचना मिलते ही तालग्राम थाना प्रभारी विनय कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थाना प्रभारी विनय कुमार शर्मा ने बताया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से प्राप्त प्रार्थना पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर