Explore

Search

July 15, 2026 12:56 am

प्रशासन की पहल से सिंहपुर में सुलझा बरसों पुराना होली विवाद, ग्राम समाज की ज़मीन पर मनेगा उत्सव

अब्दुल्ला अख़्तर
बिशुनगढ़ (कन्नौज): विकास खंड के ग्राम सिंहपुर में लंबे समय से चला आ रहा होली स्थल विवाद आखिरकार प्रशासन की सूझबूझ और ग्रामीणों की सहमति से शांत हो गया। बुधवार को प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुँचकर विवादित स्थल की जगह ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि को नए होली स्थल के रूप में चिन्हित कर वर्षों पुराने गतिरोध को समाप्त कर दिया।
सिंहपुर गांव में पिछले कई वर्षों से होली जलाने के स्थान को लेकर दो पक्षों के बीच खींचतान बनी रहती थी। पूर्व में होली महताव यादव के चबूतरे पर जलाई जाती थी, जिसके कारण अक्सर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार रामप्रकाश, कानूनगो आशुतोष चौहान, क्षेत्रीय लेखपाल सनोज कुमार और थाना प्रभारी भागमल भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सरकारी अभिलेखों (राजस्व रिकॉर्ड) की जांच की और गांव के नक्शे के अनुसार ग्राम समाज की भूमि को होली स्थल के लिए उपयुक्त पाया।
ग्रामीणों की सर्वसम्मति के बाद, ग्राम प्रधान मनोज यादव ने तत्काल जेसीबी मशीन बुलवाकर चिन्हित की गई भूमि की साफ-सफाई कराई। नए स्थल की सीमाओं को चूना डालकर स्पष्ट किया गया और वहां विधिवत पूजन कर नए उत्सव स्थल की शुरुआत की गई।
प्रशासन की इस निष्पक्ष कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। शंकरपुर चौकी इंचार्ज हरे कृष्ण और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। ग्रामीणों का कहना है कि अब बिना किसी डर और मनमुटाव के पूरे गांव के लोग एक साथ मिलकर होली का पर्व मना सकेंगे।
इस ऐतिहासिक समाधान के दौरान मुख्य रूप से मुकेश, बलविंद्र, भमर, वीरपाल, ओमकार, राजेंद्र, कुलदीप, दिलीप, अजन्टी और प्रमोद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है क्योंकि इससे गांव में शांति एवं आपसी भाईचारा मजबूत हुआ है।
प्रशासनिक टीम ने कहा सरकारी अभिलेखों के आधार पर ग्राम समाज की भूमि को होली के लिए चिन्हित किया गया है। ग्रामीणों की सहमति से अब इसी नए स्थान पर होलिका दहन होगा, जिससे भविष्य में किसी भी विवाद की आशंका खत्म हो गई है।”

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर