Explore

Search

July 27, 2026 12:49 pm

लेटेस्ट न्यूज़

मनरेगा बचाने के लिए 17 को लखनऊ में विधानसभा घेरेगा कांग्रेस: शाकिर हुसैन

छिबरामऊ में कांग्रेस की पत्रकार वार्ता, ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के दूसरे चरण का हुआ ऐलान

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): अखिल भारतीय कांग्रेस और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत कदीर वाली गली स्थित कांग्रेस कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष शाकिर हुसैन एडवोकेट ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और आगामी 17 फरवरी को लखनऊ कूच करने का ऐलान किया।
जिलाध्यक्ष शाकिर हुसैन ने कहा कि 20 साल पहले यूपीए-1 की सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) लागू कर संविधान के ‘काम के अधिकार’ को साकार किया था। उन्होंने कहा, “कोरोना महामारी के दौरान यही कानून ग्रामीण भारत के लिए जीवन रेखा साबित हुआ था, लेकिन भाजपा सरकार इसे कमजोर कर खत्म करने की साजिश रच रही है।”
17 फरवरी को होगा विधानसभा का घेराव
कांग्रेस ने घोषणा की है कि मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने के लिए लड़ाई अब सड़क से संसद तक लड़ी जाएगी। 3 जनवरी से जारी इस आंदोलन के अगले चरण में 17 फरवरी को लखनऊ में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। शाकिर हुसैन ने बताया कि प्रदेश भर में अब तक 5,000 से ज्यादा चौपालें और 13 फरवरी को सभी 75 जिलों में पदयात्राएं की जा चुकी हैं।
प्रेस वार्ता में आरोप लगाया गया कि केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़कर राज्य सरकारों पर बोझ डाल रही है। यह बदलाव देश के संघीय ढांचे को कमजोर करने का एक कुत्सित प्रयास है। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि 17 फरवरी को ज्यादा से ज्यादा संख्या में लखनऊ पहुंचकर सोई हुई सरकार को जगाने का काम करें।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य संजय पौल, नगर अध्यक्ष आशीष चौहान, जिला महासचिव अमोल दीक्षित, नगर कोषाध्यक्ष मेराज वारसी, नगर उपाध्यक्ष आसिफ सिद्दीकी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवध बिहारी दीक्षित, अल्पसंख्यक नेता आमिर खान, हाकिम रब्बी, सम्राट दीक्षित, बब्बल शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर