Explore

Search

June 13, 2026 11:42 am

लेटेस्ट न्यूज़

स्वतंत्रता सेनानी की समाधि पर कब्जे का विरोध करने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिली जान से मारने की धमकी

इटावा जिले में भू-माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने अब महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व सांसद कमांडर अर्जुन सिंह भदोरिया के समाधि स्थल को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। बसरेहर क्षेत्र के ग्राम लोहिया खुर्द स्थित इस पवित्र स्थल और उससे सटी सार्वजनिक भूमि पर गांव के कुछ दबंगों द्वारा अवैध निर्माण और कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। जब क्षेत्र के प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस अनैतिक कार्य का विरोध किया और प्रशासन से इसकी शिकायत की, तो आरोपियों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए पीड़ितों को फोन पर भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।

​इस गंभीर मामले को लेकर बुधवार को शहर के एक होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता सुधींद्र भदोरिया, डॉ. जयचंद भदोरिया और पूर्व डीबीए अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह गौर ने विस्तार से घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेनानी की समाधि और सरकारी जमीन को बचाने के लिए किए गए प्रयासों से नाराज होकर दबंगों ने बीती 31 जनवरी को फोन पर उन्हें आतंकित करने की कोशिश की, जिसकी ऑडियो क्लिप भी साक्ष्य के तौर पर मौजूद है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी राजनीतिक संरक्षण प्राप्त हैं और एक संगठित भू-माफिया गैंग से जुड़े हुए हैं, जो सरकारी संपत्तियों को खुर्द-बुर्द करने का काम कर रहे हैं।

​पीड़ितों ने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक स्वतंत्रता सेनानी की विरासत और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है, जिससे वे पीछे नहीं हटेंगे। बताया गया कि दबंगों ने उन पर हमला करने की नियत से घेराबंदी भी की थी, लेकिन सरकारी गनर की मौजूदगी को देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। वर्तमान में पीड़ितों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेने और दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है ताकि जिले के गौरवशाली इतिहास के प्रतीकों को सुरक्षित रखा जा सके।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर