Explore

Search

February 14, 2026 6:13 pm

बारात चढ़ाने जा रहे लोगों को बेकाबू कार ने रौंदा, 8 गंभीर रूप से घायल; कोहराम

छिबरामऊ (कन्नौज): नगर के नेशनल हाईवे-34 पर बीती रात एक तेज रफ्तार महिंद्रा जाइलो कार ने जमकर कोहराम मचाया। कार ने बारात चढ़ाने की तैयारी कर रहे बैंड-बाजे और बग्गी लेकर जा रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैंड का सामान और बग्गी के परखच्चे उड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरैया (अकबरपुर) निवासी राजकिशोर दुबे की भतीजी की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए बैंड पार्टी के सदस्य और अन्य लोग बारात चढ़ाने की तैयारी में जुटे थे। तभी अचानक एक बेकाबू जाइलो कार भीड़ में जा घुसी और लोगों को कुचलती चली गई। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक नगर के ही एक अन्य गेस्ट हाउस में इनायतपुर से आई बारात में शामिल होने आया था। वहां से वापस लौटते समय उसने इस भीषण दुर्घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके से वाहन को कब्जे में ले लिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से सभी 8 घायलों को तुरंत 100 शैया अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
हादसे में घायल हुए लोगों का विवरण
चांद बाबू (32 वर्ष) पुत्र लाला बाबू, निवासी मोहल्ला बिरतिया,साबिर (25 वर्ष) पुत्र फिरोज, निवासी ग्राम हाथीन,इस्तक अली (32 वर्ष) पुत्र स्माइल अली, निवासी ग्राम हाथीन, वसीम अली (40 वर्ष) पुत्र हसन अली, निवासी मोहल्ला बिरतिया, सानू (38 वर्ष) पुत्र वसीम अली, निवासी मोहल्ला कानूनगोयान,राजेंद्र (45 वर्ष) पुत्र श्यामलाल, निवासी बहवलपुर,सूरज (55 वर्ष) पुत्र गंगाराम, निवासी बहवलपुर,चंदन (39 वर्ष) पुत्र वसीम अली, निवासी मोहल्ला कानूनगोयान।

हादसे के बाद पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। घटनास्थल पर छोड़ी गई कार के नंबर और गेस्ट हाउस के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर