Explore

Search

April 16, 2026 4:36 pm

एक्सप्रेस-वे पर काल बनी ‘ओवरलोड’ बस: बिहार की स्लीपर बस पलटने से 40 यात्री घायल, मची चीख-पुकार

छिबरामऊ/ सौरिख :आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार और लापरवाही का एक और भयानक मंजर देखने को मिला। बिहार की ‘अशोका ट्रैवल एजेंसी’ की एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में क्षमता से कहीं अधिक 80 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 40 लोग घायल हो गए हैं। प्रशासन ने तत्काल 12 एम्बुलेंस लगाकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे पर हड़कंप मच गया। यूपीडा और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए सौरिख सीएचसी, तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज, छिबरामऊ के 100 शैय्या अस्पताल और इटावा के सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, अधिकांश यात्रियों के सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे की मुख्य वजह ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार मानी जा रही है। बस की बैठने की क्षमता मात्र 56 सवारियों की थी, लेकिन ट्रैवल एजेंसी ने नियमों को ताक पर रखकर 80 से अधिक लोग बैठा रखे थे। यात्रियों का आरोप है कि रात के समय एक्सप्रेस-वे पर बसों की नियमित चेकिंग न होने का फायदा उठाकर बस संचालक जान जोखिम में डालकर ओवरलोडिंग करते हैं।
बस में सवार बिहार निवासी घायल यात्री प्रवीण कुमार ने बताया कि सुबह के समय अचानक बस एक तेज झटके के साथ मुड़ी और पलट गई। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को झपकी आने की वजह से बस से नियंत्रण खो गया। हादसे के तुरंत बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
हादसे का शिकार हुए यात्री बिहार के दरभंगा, वैशाली, मधुबनी, गोपालगंज और मोतिहारी जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस ने घायलों का विवरण जुटाकर उनके परिजनों को सूचित कर दिया है। जिन यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बसों से रवाना कर दिया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बस के दस्तावेजों और ओवरलोडिंग के पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही और क्षमता से अधिक सवारी बैठाने की पुष्टि होने पर अशोका ट्रैवल एजेंसी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर