रिपोर्ट अब्दुल्लाह अख्तर छिबरामऊ/बिशुनगढ़: छिबरामऊ तहसील क्षेत्र के बिशुनगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम सरदामई में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर नकदी, कीमती उपकरण और राशन पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त उजागर हुई जब परिवार के सदस्य घर वापस लौटे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सरदामई निवासी नूर मोहम्मद का परिवार पिछले कुछ दिनों से किसी काम से बाहर गया हुआ था। शुक्रवार सुबह जब नूर मोहम्मद का पुत्र अनवार घर पहुंचा, तो घर के मुख्य द्वार सहित कुल पांच ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर का नजारा देख परिजनों के होश उड़ गए। शोर मचने पर भारी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए।
पीड़ित परिवार ने घर के सामान का मिलान करने पर बताया कि चोरों ने काफी नुकसान किया है।घर में रखे लगभग 3,000 रुपये नकद गायब हैं,चोर एक इनवर्टर और बैटरा उठा ले गए,घर में रखा गैस सिलेंडर और काफी मात्रा में रखा राशन भी चोरों ने नहीं छोड़ा।
मामले की सूचना तुरंत बिशुनगढ़ पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हल्का इंचार्ज हृदयराज उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।पुलिस ने ग्रामीणों और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि चोरों का सुराग लग सके।
कस्बा इंचार्ज हृदयराज उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और संदिग्धों की तलाश जारी है।









