रिपोर्ट अब्दुल्लाह अख्तर /सौरिख: कन्नौज के सौरिख इलाके में इन दिनों आवारा जानवरों का भारी आतंक बना हुआ है। किसान कड़ाके की ठंड में दिन-रात जागकर अपनी फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं, फिर भी थोड़ी सी लापरवाही होते ही जानवर खड़ी फसलों को नष्ट कर रहे हैं।
आलू, गेहूं और सरसों की फसलों को भारी नुकसान
सड़क और खेतों में बड़ी संख्या में घूम रहे ये जानवर मुख्य रूप से आलू, गेहूं और सरसों की फसलों को निशाना बना रहे हैं। वर्तमान में गेहूं की फसल में बालियां आ रही हैं, और जानवरों द्वारा इसे नष्ट किए जाने से किसानों को गहरा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नगला भीम निवासी किसान बबलू, कप्तान सिंह, बलबीर सिंह, जरूर सिंह, लाखन सिंह; हरभानपुर निवासी अमर पाल सिंह, जयपाल सिंह, अजयपाल सिंह; नगला सरदार निवासी राकेश, राजेंद्र सिंह और सौरिख देहात निवासी पप्पू व कामरान खान ने बताया कि वे लगातार रखवाली कर रहे हैं, फिर भी फसलों को बचाना मुश्किल हो रहा है।
किसानों ने प्रशासन से इन जानवरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों (गौशालाओं) में छोड़ने का आग्रह किया है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि आवारा जानवरों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।









