रिपोर्ट अब्दुल्ला अख्तर विशुनगढ़, कन्नौज उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ (फेज 5.0) के अंतर्गत आज थाना विशुनगढ़ पुलिस ने कस्बा विशुनगढ़ में सघन जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को न केवल उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया, बल्कि साइबर अपराधों से बचने के गुर भी सिखाए।
मिशन शक्ति प्रभारी हृदयराज उपाध्याय और महिला कांस्टेबल सुचेता की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को एकत्रित कर बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस प्रशासन उनकी सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है। टीम ने निम्नलिखित सरकारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी :1090 वीमेन पावर लाइन (महिला सहायता),112 आपातकालीन पुलिस सेवा,1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन,1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन,181 महिला हेल्पलाइन,1098: चाइल्ड लाइन (बच्चों के लिए)
साइबर अपराध और ‘ऑपरेशन कवच’ पर चर्चा
बढ़ते डिजिटल दौर में साइबर ठगी से बचने के लिए महिलाओं को जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी या OTP साझा न करें। साथ ही, ‘ऑपरेशन कवच’ के बारे में जानकारी देते हुए सुरक्षा के कड़े संदेश दिए गए।
मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम ने भी कस्बे के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सक्रियता दिखाई। इसके साथ ही, प्रभारी हृदयराज उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने कस्बे की एसिड (तेजाब) की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे बिना पहचान पत्र और रजिस्टर में रिकॉर्ड दर्ज किए किसी को भी एसिड की बिक्री न करें।
पुलिस ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।











