इटावा पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल में 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनय सिंह, उप निदेशक, लायन सफारी एटावा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती एवं देश के महान महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का परिचय देते हुए देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य, नाटक, संगीत एवं प्रभावशाली भाषणों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और संविधान के मूल्यों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन अंशुल मल्होत्रा द्वारा कुशलता एवं अनुशासन के साथ किया गया। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने कर्तव्यों का बोध कराता है और अनुशासन व परिश्रम से ही देश को प्रगति की ओर ले जाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि विनय सिंह ने भी छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया।
समारोह राष्ट्रगान के साथ शांतिपूर्वक एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।











