इटावा।26 जनवरी, 2026 जनपद इटावा में 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रिज़र्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान का गायन हुआ।

इसके बाद आयोजित परेड में पुलिस बल ने अनुशासन, एकरूपता, उत्कृष्ट ड्रिल और राष्ट्रनिष्ठा का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव (IPS) के साथ मिलकर परेड का निरीक्षण किया। परेड दल द्वारा मंच के सामने मार्च-पास्ट किया गया, जिसे मुख्य अतिथि द्वारा सलामी दी गई। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज के साथ पुलिस जवानों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलाई गई। शपथ में संविधान की गरिमा बनाए रखने, देश की एकता-अखंडता की रक्षा करने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और कर्तव्यों का निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “भारतीय संविधान देश की आत्मा है” और पुलिस बल का दायित्व है कि वह संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखे और आमजन में सुरक्षा व विश्वास की भावना मजबूत करे।

एसएसपी ने भी पुलिस कर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जनपद में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रशंसा चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, विषम परिस्थितियों में ड्यूटी निभाने वाले सभी जवानों की सराहना की गई।

अंत में यह संकल्प लिया गया कि इटावा पुलिस कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में प्रदेश का एक आदर्श जनपद स्थापित करने के लिए पूर्ण निष्ठा व समर्पण से कार्य करती रहेगी।
जय हिन्द!









